’10 के 900′ का लालच देकर चला रहा था सट्टे का खेल, पुलिस ने रंगेहाथ दबोचा, नकदी और हिसाब-किताब की कॉपी बरामद।

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने सिडकुल रोड पर सट्टा खिलाते एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी और सट्टा सामग्री बरामद की है। आरोपी के पास से सट्टा लिखने में प्रयुक्त कॉपी, कार्बन, बॉल पेन और 1850 रुपये नकद मिले हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा-13 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात उपनिरीक्षक मनोज कुमार टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि सिडकुल रोड पर पेट्रोल पंप से पहले एक युवक सट्टा खिला रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इन्द्रपाल पुत्र बालकिशन मौर्य, निवासी आजादनगर, ट्रांजिट कैंप बताया। तलाशी लेने पर उसके हाथ में ‘बैक टू स्कूल’ लिखी एक कॉपी मिली। कॉपी के एक पृष्ठ पर कार्बन के जरिए ‘जीबी-52’ समेत कई अंक दर्ज थे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ‘जीबी’ से उसका आशय गाजियाबाद के सट्टे से है, जिसका परिणाम रात 10 बजे खुलता है। उसने लोगों से रुपये लेकर सट्टा लिखने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी की जेब से 1850 रुपये नकद और एक बॉल पेन भी बरामद किया। वैध लाइसेंस या अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगने पर वह कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बरामद नकदी और सट्टा सामग्री को सील कर कब्जे में ले लिया। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा-13 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अकेले सट्टा संचालित कर रहा था या उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *