नींबू मांगने पर बवाल, दुकानदार ने ग्राहक पर किए चाकू से ताबड़तोड़ वार, ट्रांजिट कैंप में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती; आरोपी पुलिस हिरासत में

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सब्जी खरीदने आए एक ग्राहक पर दुकानदार ने कथित तौर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने आरोपी दुकानदार को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप निवासी प्रेम शंकर टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं। सोमवार शाम वह श्मशान घाट के पास स्थित एक सब्जी की दुकान पर खरीदारी करने पहुंचे। आरोप है कि सब्जी लेने के बाद उन्होंने एक नींबू मांगा, जिस पर दुकानदार और उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार ने धारदार चाकू निकाल लिया और प्रेम शंकर पर लगातार तीन वार कर दिए।

चाकू लगने से प्रेम शंकर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामूली बात पर हुई इस हिंसक वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *