डिवाइडर से टकराई कार, खुला मौत का रहस्य: एयरबैग की नुकीली धातु ने भेदा सीना, स्पा-बार संचालक की दर्दनाक मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा

Share the news

रुद्रपुर।

इंदिरा कॉलोनी मार्ग पर बुधवार तड़के हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले स्पा एवं बार संचालक संजय शर्मा की मौत को लेकर बना रहस्य आखिरकार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद काफी हद तक साफ हो गया है। प्रारंभिक तौर पर सीने में मिले गहरे घाव को लेकर हत्या और गोली लगने जैसी आशंकाएं जताई जा रही थीं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण एयरबैग सिस्टम से निकली नुकीली धातु से लगी गंभीर चोट सामने आया है।

 

बताया जा रहा है कि किच्छा निवासी 56 वर्षीय संजय शर्मा बुधवार देर रात अपनी कार से किच्छा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आदर्श कॉलोनी और इंदिरा कॉलोनी मार्ग के बीच उनकी लग्जरी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। दुर्घटना के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

 

हादसे के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कार का अगला हिस्सा केवल मामूली रूप से क्षतिग्रस्त दिखाई दिया, जबकि एयरबैग खुल चुका था। वहीं मृतक के सीने में गहरा घाव मिलने से मामला संदिग्ध बन गया था। परिजनों ने भी हत्या की आशंका जताई थी, जिसके बाद पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी थी।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दुर्घटना के दौरान एयरबैग सिस्टम अथवा उससे जुड़े किसी नुकीले धातु के हिस्से ने तेज दबाव के साथ मृतक के सीने को भेद दिया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उनकी मौत हो गई। रिपोर्ट में गोली लगने या किसी बाहरी हमले के संकेत नहीं मिले हैं।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। हालांकि दुर्घटना के कारणों और अन्य परिस्थितियों की जांच अभी भी जारी है। उधर, कारोबारी की असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *