पत्नी अस्पताल में, सूने घर पर चोरों का धावा; ताले तोड़ चार बदमाश लाखों के जेवर और नकदी समेटे, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Share the news

रुद्रपुर। शहर के भूरारानी क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब गृहस्वामी अपनी पत्नी के ऑपरेशन के चलते अस्पताल में रुके हुए थे। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार अशोक वाटिका, भूरारानी निवासी सुरेन्द्र सिंह की पत्नी का गौतम अस्पताल में ऑपरेशन होना था। नौ जून को वह घर में ताला लगाकर पत्नी के साथ अस्पताल चले गए और रात में वहीं रुक गए। आरोप है कि 10 जून की तड़के करीब 2:50 बजे चार अज्ञात चोर मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

 

चोरों ने घर के एक कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा 50 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान में करीब चार तोला सोने के जेवर शामिल हैं। इनमें सोने का हार, एक जोड़ी कुंडल, सोने की चेन, पेंडेंट और अंगूठी शामिल है। इसके अलावा 300 ग्राम चांदी की एक जोड़ी पायल भी चोर अपने साथ ले गए।

 

पीड़ित ने बताया कि घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में चार संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में वे मुख्य गेट का ताला तोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि आरोपियों ने अपने चेहरे ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।

 

घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आसपास के क्षेत्र में भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *