रुद्रपुर/पंतनगर, संवाददाता:
नोएडा में हुए श्रमिक आंदोलन की गूंज अब उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले तक पहुंच गई है। पंतनगर सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र की कई बड़ी कंपनियों में श्रमिकों ने एकजुट होकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। वेतन वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर श्रमिक कंपनी परिसरों के बाहर बड़ी संख्या में एकत्र हुए और जोरदार नारेबाजी की।
बताया जा रहा है कि ए जाकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, बडवे, अनसूया ऑटो प्रेस और बेला राइस जैसी कंपनियों के हजारों श्रमिक आंदोलन में शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। श्रमिकों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें लगभग 11,500 रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है, जो बढ़ती महंगाई के बीच बेहद कम है। उन्होंने न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 21,000 रुपये करने की मांग रखी है। साथ ही आने-जाने के लिए बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार, ए जाकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में करीब 16,000 श्रमिक तीन शिफ्टों में कार्यरत हैं, जबकि अनसूया ऑटो प्रेस में लगभग 1,000 मजदूर काम करते हैं। अन्य कंपनियों में भी बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं, ऐसे में सामूहिक धरने का असर पूरे औद्योगिक क्षेत्र पर पड़ना तय माना जा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर हैं। मौके पर भारी पुलिस बल, पीएसी और खुफिया विभाग के अधिकारी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है।
इधर, सूचना मिलते ही श्रम विभाग भी सक्रिय हो गया। श्रम निरीक्षक अरविंद सैनी मौके पर पहुंचे और श्रमिकों तथा कंपनी प्रबंधन के बीच वार्ता शुरू कराई। उनका कहना है कि फिलहाल बातचीत जारी है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नोएडा में हुए उग्र श्रमिक आंदोलन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि श्रमिकों की मांगों पर जल्द ठोस निर्णय लेने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि औद्योगिक माहौल सामान्य बना रहे।



