व्रत का खाना बना मुसीबत, कुट्टू का आटा खाने से 6 लोग बीमार
रुद्रपुर। व्रत के दौरान खाया गया कुट्टू का आटा दो परिवारों के छह लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया। आटा सेवन के कुछ ही समय बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सभी मरीजों को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार रस्तोगी परिवार की रेखा (37) पत्नी रामप्रकाश रस्तोगी, वर्षा रस्तोगी (16) और सोनम रस्तोगी (20) ने व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बने खाद्य पदार्थ का सेवन किया था। इसके कुछ समय बाद ही तीनों को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
इसी तरह सुभाष कॉलोनी निवासी कमलेश पत्नी स्वर्गीय जगदीश राठौर, उनके पुत्र सौरभ राठौर और शारदा की भी तबीयत कुट्टू का आटा खाने के बाद खराब हो गई। सभी में समान लक्षण पाए गए, जिसके चलते उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उन्हें आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। प्राथमिक जांच में फूड पॉयजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आटे के सैंपल की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में कुट्टू के आटे की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि व्रत के दौरान इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थ विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
फिलहाल सभी मरीजों की हालत में सुधार बताया जा रहा है, लेकिन इस घटना ने व्रत के खान-पान में सावधानी बरतने की जरूरत को फिर उजागर कर दिया है।




