अवैध खनन पर एसएसपी अजय गणपति का बड़ा एक्शन — शक्तिफार्म चौकी प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, ड्यूटी में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस का संदेश

Share the news

रुद्रपुर/ऊधमसिंहनगर। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी के प्रति उदासीनता और अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई न करने के आरोप में शक्तिफार्म चौकी प्रभारी समेत वहां तैनात सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार हाल ही में दैनिक समाचार पत्रों में शक्तिफार्म क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन होने की खबरें लगातार प्रकाशित हो रही थीं। इन खबरों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई। जांच के दौरान पाया गया कि क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियां चल रही थीं, लेकिन चौकी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसे ड्यूटी के प्रति लापरवाही और उदासीनता माना गया।

मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने तत्काल कड़ा कदम उठाया। चौकी प्रभारी शक्तिफार्म उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र भट्ट सहित कुल आठ पुलिस कर्मचारियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। एसएसपी के निर्देश पर सभी को तत्काल चौकी से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी कराई जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में किसी भी कीमत पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी की इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे मामलों में सख्ती जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *