पूर्व विधायक के रिश्तेदार की हत्या, पड़ोसी ने दरांती से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार, गांव में दहशत

Share the news

चंपावत जिले में कांग्रेस के पूर्व विधायक के परिवार से जुड़े एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है।

घटना से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि बीती रात चंपावत जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर सानिया (सनिया) गांव में 80 वर्षीय अंबादत्त खर्कवाल की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। अंबादत्त खर्कवाल, कांग्रेस के पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल के ताऊ के पुत्र थे। हत्या का आरोप उनके ही पड़ोसी सुभाष खर्कवाल पर लगा है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सुभाष खर्कवाल ने दरांती से अंबादत्त खर्कवाल पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अंबादत्त खर्कवाल पुत्र स्वर्गीय भैरव दत्त खर्कवाल गांव में अकेले रहते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं, लेकिन बेटे रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी बीएस बिष्ट ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल चंपावत भेज दिया गया है। वहीं आरोपी सुभाष खर्कवाल को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है, हालांकि हत्या के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

इधर, इस हत्या की खबर से पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *