ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, आग में झुलसकर बुजुर्ग की मौत

Share the news

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र अंतर्गत जेपीएस स्कूल के पास स्थित आनंद विहार बस्ती में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। 29 दिसंबर 2025 को करीब 3 बजकर 37 मिनट पर डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक बुजुर्ग दंपति की झोपड़ी में भीषण आग लग गई है और बुजुर्ग व्यक्ति आग की चपेट में आ गए हैं।

सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि झोपड़ी में आग तेजी से फैल चुकी थी और एक व्यक्ति अंदर आग की लपटों में घिरा हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर सर्विस को सूचित किया गया। कुछ ही देर में रुद्रपुर फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाया गया।

आग बुझाने के बाद अंदर फंसे बुजुर्ग को बाहर निकाला गया, लेकिन अत्यधिक झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान रामचंद्र (83 वर्ष), निवासी रामनगर पट्टी, जिला बनारस, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया गया कि रामचंद्र पिछले 6-7 वर्षों से अपनी पत्नी चमेला के साथ उक्त स्थान पर झोपड़ी बनाकर रह रहे थे और आसपास के लोगों से मिले दान और सहायता से जीवन यापन कर रहे थे।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि ठंड से बचने के लिए दंपति द्वारा आग जलाई गई थी, जो कपड़ों और बिस्तर में फैल गई। चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण रामचंद्र आग से बाहर नहीं निकल सके।

घटना स्थल का निरीक्षण क्षेत्राधिकारी एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा किया गया। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *