रूद्रपुर। गजियावाला थाना कैंट देहरादून निवासी बबीता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के अनुसार उसका विवाह 19 अप्रैल 2018 को उमेश कुमार पुत्र यशपाल, निवासी ग्राम लहसोई सियाठेरी थाना शीशगढ़ तहसील बहेड़ी जिला बरेली के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही पति द्वारा उसके साथ मारपीट की जाने लगी, जिससे परेशान होकर वह कुछ समय के लिए अपने मायके देहरादून चली गई।
इस दौरान उसे जानकारी मिली कि उसका पति बिना तलाक लिए दूसरी महिला से विवाह करने जा रहा है। बताया गया कि उमेश कुमार ग्राम उतरसिया चौकी भूरिया कॉलोनी बहेड़ी निवासी छाया पुत्री धनीराम के साथ 9 मई 2025 को संगम वटिका मैरिज पैलेस रूद्रपुर में विवाह कर रहा था। अपना परिवार बचाने के उद्देश्य से बबीता जब विवाह स्थल पर पहुंची तो वहां मौजूद पति उमेश कुमार ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की।
आरोप है कि दूसरी महिला छाया ने भी अपने भाई अमर सिंह, पिता धनीराम और बहन कमलेश के साथ मिलकर बबीता की पिटाई की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस हमले में बबीता घायल हो गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित कुल सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




