कांग्रेस का अनोखा विरोध: टूटी सड़कों पर आरती कर जताया गड्ढों के खिलाफ आक्रोश

Share the news

हरिद्वार। शहर की टूटी सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों से परेशान कांग्रेस ने एक अनोखा विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। कांग्रेस नेता अशोक शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर थाल में दीया-बत्ती जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक मदन कौशिक की आरती कर रहे हैं। प्रदर्शन में राहगीरों को प्रसाद के रूप में मिठाई भी वितरित की जा रही है।

 

कांग्रेस का कहना है कि पांच स्तरीय सरकार होने के बावजूद सड़कें दुरुस्त नहीं हैं, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। अशोक शर्मा ने कहा कि गड्ढों में बाइक सवार गिरकर चोटिल हो चुके हैं और जनता लगातार असहज महसूस कर रही है।

 

भाजपा ने कांग्रेस के इस प्रदर्शन को राजनीतिक करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 30 अक्टूबर तक सड़कें गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दे रखे हैं और मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है।

 

अशोक शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि यदि सरकार वाकई गंभीर होती तो मुख्य सड़कों पर गड्ढे महीनों से नहीं पड़े रहते। कांग्रेस का यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक शहर की सड़कें दुरुस्त नहीं हो जातीं।

 

हरकी पौड़ी, ज्वालापुर, भीमगौड़ा, कनखल और औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल की सड़कों की खराब स्थिति ने स्थानीय नागरिकों और आने वाले श्रद्धालुओं दोनों के लिए परेशानी बढ़ा दी है। कांग्रेस का यह अनोखा विरोध प्रदर्शन जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का एक तरीका माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *