पंतनगर। इंटरनेट मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने सनसनी फैला दी है, जिसमें पंतनगर निवासी अश्विनी तिवारी खुद को परेशान बताते हुए रोते-रोते कह रहे हैं कि यह उनकी जिंदगी का आखिरी दिन है। वीडियो में उन्होंने पत्नी और बेटे से माफी मांगते हुए कहा कि वह बाप के लायक नहीं रहे और जिल्लत की जिंदगी नहीं जी सकते।
अश्विनी तिवारी की पत्नी पूनम तिवारी ने पंतनगर थाने में तहरीर देकर उनके सकुशल बरामदगी की मांग की है। पत्नी ने बताया कि अश्विनी कई दिनों से घर से लापता हैं।
वायरल वीडियो में अश्विनी ने खुलासा किया कि उन्हें डबल प्रॉफिट का लालच देकर वाहनों को किराए पर चलवाया गया और उनके नाम से एग्रीमेंट कराए गए। वाहनों को गिरवी रखकर उठाए गए रुपये लंबे समय से वापस नहीं किए गए। इसी बीच वाहन मालिकों और निवेशकों ने अपने पैसे व वाहन लौटाने की मांग शुरू कर दी, जबकि उन पर किश्तें और बाकी भुगतान का दबाव बढ़ गया।
अश्विनी का कहना है कि वे लगातार धमकियों और पैसों के दबाव से टूट चुके हैं और अब उनके पास कोई रास्ता नहीं बचा है। वीडियो में उन्होंने रोते हुए कहा कि “मैं बहुत परेशान हूं, अब जिंदगी का आखिरी दिन है।” आई लव यू लड्डू। मैं बाप बनने लायक नहीं हूं। मुझे माफ करना बेटा लड्डू।
पंतनगर थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो और परिजनों की तहरीर के आधार पर गहनता से छानबीन कर रही है।


