सेवानिवृत्त शिक्षक बने नगर निगम रुद्रपुर के ब्रांड एम्बेसडर, महापौर ने किया सम्मानित

Share the news

रुद्रपुर। शिक्षक दिवस एवं साक्षरता दिवस के अवसर पर नगर निगम रुद्रपुर सभागार में ‘हमारे शिक्षक, हमारा अभिमान’ शीर्षक से भव्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने दर्जनों सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

 

इस मौके पर महापौर ने शिक्षकों को नगर निगम का ब्रांड एम्बेसडर घोषित करते हुए कहा कि गुरुओं का अनुभव नगर के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने घोषणा की कि शहर के विभिन्न वार्डों में शिक्षकों की परामर्श समितियां बनाई जाएंगी, जो विकास कार्यों पर सुझाव देंगी और निगम उन पर अमल करेगा।

 

अपने संबोधन में महापौर ने सात माह के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि रुद्रपुर की स्वच्छता रैंकिंग 417वें स्थान से बढ़कर 69वें पायदान पर पहुंची है। साथ ही नगर में दो जोनल कार्यालय स्थापित हो चुके हैं और जल्द ही ट्रांजिट कैंप व सिंह कॉलोनी में भी कार्यालय शुरू होंगे।

 

उन्होंने गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण, ‘स्मार्ट ट्रैफिकिंग सिस्टम’ और प्रत्येक वार्ड में एसटीपी लगाने जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया। शिक्षकों ने महापौर के इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *