रुद्रपुर, संवाददाता।
दिल्ली से नैनीताल घूमने निकले चार युवकों से रुद्रपुर में तमंचे के बल पर लूट मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य तीन आरोपी फरार हैं। आरोपियों ने देर रात हाईवे पर गाड़ी रोककर मारपीट की और कार समेत नकदी व कागजात लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के ग्राम बरला थाना साबाडेरी निवासी मोहित तोमर पुत्र सुरेंद्र तोमर अपने दोस्त बिट्टू,भूपेन्द्र और संयम कुमार निवासी दिल्ली के साथ नैनीताल घूमने जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने रुद्रपुर निवासी परिचित रजनीश अरोड़ा उर्फ सोनू को फोन कर अपनी यात्रा की जानकारी दी। बुधवार देर रात जब वह निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो वहां रजनीश अपने तीन साथियों संग पहले से मौजूद था। मोहित के अनुसार, युवकों ने हथियारों के बल पर गाड़ी रोककर उन्हें गालियां दीं और जबरन बाहर निकाला। इसके बाद लोहे की रॉड और डंडों से मोहित की पिटाई की गई। हमलावरों का कहना था कि यह हमला दिल्ली के पुराने विवाद का बदला लेने के लिए किया गया था। आरोपियों ने मोहित और उसके दोस्तों को तमंचा रखकर कार, नकदी, आईडी कार्ड और वाहन के कागजात लूट लिए थे और मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने गुरुवार को मुकदमा दर्ज घटना का मास्टरमाइंड रजनीश अरोड़ा उर्फ सोनू को प्रीत विहार क्षेत्र से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि रजनीश के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। वाहन सौदे में धोखाधड़ी, लूट और मारपीट की वारदातों में संलिप्त रहा है। संगठित गिरोह बनाकर अपराध करता है। उसकी पुरानी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। उसके तीन साथी वंश मखीजा, जग्गा प्रधान और राधेश्याम पंडित फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


