*लंदन के एक होटल में एयर इंडिया के केबिन क्रू मेंबर के साथ यौन उत्पीड़न, केस दर्ज; जानिए पूरा मामला।*

एयर इंडिया के केबिन क्रू मेंबर के साथ गुरुवार रात लंदन के एक होटल में कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया. जानकारी के मुताबिक एक अनजान शख्स उनके कमरे में उस समय घुस गया जब वह आराम कर रहीं थीं. एयर इंडिया के सूत्रों ने बताया कि यह घटना लंदन के हीथ्रो में रेडिसन रेड होटल में हुई. उन्होंने कहा कि क्रू ने कई मौकों पर होटल में अपर्याप्त सुरक्षा का मुद्दा उठाया था. इससे पहले भी सुरक्षा कर्मियों से शिकायत की गई थी कि कुछ लोग क्रू का पीछा कर रहे हैं.

एयरलाइन के सूत्रों ने बताया कि पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया. अब वह मुंबई वापस आ रही है. एयरलाइन ने एक प्रेस बयान में कहा कि एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला की ओर संचालित होटल में इस तरह से किसी अनजान शख्स का ऐसी हरकत करना चौकाने वाला है. हम घटना से बहुत दुखी हैं. इस घटना ने हमारे क्रू मेंबर को प्रभावित किया है. हम अपने सहयोगी और उनकी व्यापक टीम को पेशेवर परामर्श सहित हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

स्थानीय पुलिस और होटल प्रबंधन के साथ भी मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है. सूत्रों ने बताया कि लंदन के होटल में अपर्याप्त सुरक्षा, इसके अंधेरे गलियारे, मानव रहित रिसेप्शन और एक बदमाश की ओर से दरवाजे खटखटाने के बारे में पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं.