*Chandigarh” AAP पार्टी को झटका, इस नेता ने छोड़ी पार्टी, कहा- राम मंदिर बनने से मिली भाजपा में शामिल होने की प्रेरणा; पढ़िए पूरी ख़बर..*

Share the news

चंडीगढ़ मेयर चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। वार्ड नंबर 31 से आप पार्षद लखबीर सिंह बिल्लू ने बुधवार को भाजपा का दामन थाम लिया। इससे भाजपा के पार्षदों की संख्या 15 से 16 हो गई है। बिल्लू के भाजपा में शामिल होने के बाद मेयर चुनाव में पार्टी का पलड़ा भारी हो गया है। वर्तमान में आप के 12 पार्षद रह गए हैं, जबकि कांग्रेस के सात और अकाली दल का एक पार्षद चुनाव जीत कर आया है।

बुधवार को पार्षद लखबीर सिंह बिल्लू आम आदमी पार्टी को अलविदा कहकर प्रदेश अध्यक्ष जितेंदर पाल मल्होत्रा, सांसद किरण खेर व पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन व अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ आप कार्यकर्ता कुलबीर सिंह, मनप्रीत कुमार, पप्पू और अशोक कुमार भी भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश अध्यक्ष ने बिल्लू को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो पूर्ण रूप से देश सेवा के लिए समर्पित है। पार्षद लखबीर सिंह के आने से पार्टी में मजबूती आएगी और उनको पार्टी में उचित सम्मान दिया जाएगा। वहीं, सांसद किरण खेर व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने कहा कि पार्षद को भाजपा परिवार में मान-सम्मान मिलेगा।

वहीं, पार्षद बिल्लू ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित हैं। भाजपा के नेतृत्व में चंडीगढ़ में बहुत से विकास कार्य हुए हैं। हाल ही में राम मंदिर निर्माण कार्य पूरा होने पर बेहद खुशी है। इससे उन्हें भाजपा में शामिल होने की प्रेरणा मिली। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव हुकम चंद, अमित जिंदल, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह बबला, रामवीर भट्टी, कैलाश चंद जैन, जगतार सिंह जग्गा, राज किशोर, वरिष्ठ उपमहापौर कंवर राणा, उपमहापौर हरजीत सिंह सभी पार्षद और प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

...क्या बिल्लू बादशाह बदलेंगे मेयर चुनाव के समीकरण

सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय कमलम में बुधवार को आप पार्षद लखबीर सिंह बिल्लू का भाजपा पदाधिकारियों ने बिल्लू बादशाह का नाम दिया। इस दौरान प्रेसवार्ता में सबसे पहले भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने उन्हें बिल्लू बादशाह कहा और उनके आने को पार्टी के लिए अहम बताया। बता दें कि इस बार मेयर पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। मौजूदा दौर में भाजपा के पास इस वर्ग से एक ही पार्षद मनोज सोनकर थे लेकिन अब लखबीर सिंह बिल्लू भी पार्टी में शामिल हो गए हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि क्या बिल्लू बादशाह भाजपा में मेयर चुनाव के समीकरण बदलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *