रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है। क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की पत्नी उससे अलग रहती है और वह अकेले ही अपनी पुत्रियों का पालन-पोषण कर रहा है। उसकी छह वर्षीय पुत्री के साथ पड़ोस में रहने वाले एक युवक द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया जा रहा है। बताया जाता है कि घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर दी थी, जिसके बाद ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की। हालांकि, पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। इसके बाद मामले को आपसी समझौते में दबाने की कोशिशें शुरू हो गईं। चर्चा है कि इस पूरे प्रकरण में एक वार्ड मेंबर और एक तथाकथित पत्रकार की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है, जिन्होंने पुलिस से सांठगांठ कर मामले को रफा-दफा कराने में अहम भूमिका निभाई। यदि आरोप सही हैं तो यह कानून और नैतिकता दोनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।



