रूद्रपुर। लालपुर चौकी क्षेत्र में एक नवविवाहिता के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार करीब तीन माह पूर्व युवक का विवाह ट्रांजिट कैम्प निवासी युवती से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही पति को पत्नी के किसी अन्य युवक से संपर्क में होने की बात पता चली।
परिजनों के समझाने पर पत्नी कुछ समय तक घर में रही, लेकिन संपर्क टूटने के बजाय बना रहा। 16 सितम्बर की शाम जब पति बाजार सामान लेने गया, तभी पत्नी घर से गायब हो गई। खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों का आरोप है कि जाते समय वह सास का सोने का मंगलसूत्र भी साथ ले गई।
अगले दिन पति को पत्नी का व्हाट्सएप संदेश मिला, जिसमें उसने लिखा कि वह बहुत दूर जा चुकी है और पति को दूसरी शादी कर लेने की बात कही। शिकायतकर्ता का कहना है कि ससुराल पक्ष उल्टे धमकी देता है, जिससे उसे और उसके परिवार को भय बना हुआ है।
मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।



