*Uttarakhand” झटका लगने से नीचे गिरकर पहिये के नीचे आया 11वीं का छात्र, ट्रैक्टर से कुचलकर की मौत…*

Share the news

रुड़की के लक्सर में ट्रैक्टर के नीचे आने से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने छात्र को अस्पताल भिजवाया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाली क्षेत्र के केहड़ा गांव निवासी ऋतिक (18) 11वीं में पढ़ रहा था। सोमवार दोपहर वह अपने साथी बंटी, सौरभ व गौरव के साथ ट्रैक्टर से जैतपुर गांव से घर लौट रहा था। जैसे ही वह जैतपुर व केहड़ा गांव के बीच पहुंचे तो ट्रैक्टर के पीछे जुड़ी ट्रॉली का गुल्ला निकल गया और ट्रैक्टर को तेज झटका लगा। ट्रैक्टर में झटका लगने से ऋतिक नीचे गिर गया और ट्रैक्टर उसके ऊपर चढ़ गया। साथियों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी।

 

जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिवारवालों ने गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

कुछ देर में आने की बात कहकर निकला था ऋतिक

ऋतिक के पिता संदीप ने बताया कि वह घर से कुछ देर बाद आने की बात कहकर निकला था। उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि ऋतिक का शव घर आएगा। वहीं, भाई की मौत से बहन दीपांशी का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *