संदिग्ध हालात में युवक ने महिला किराएदार के कमरे में लगाया फंदा, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत, प्रेम प्रसंग की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

Share the news

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने लगाया फंदा, अस्पताल में मृत घोषित

 

किच्छा। बंदिया क्षेत्र में मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में बरेली निवासी एक युवक ने महिला किराएदार के कमरे में दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़कर युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) किच्छा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मृतक की पहचान अभिषेक (22 वर्ष) पुत्र अरविंद कुमार, निवासी बेनीपुर चौधरी, थाना सुभाष नगर, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। अभिषेक किच्छा के सिडकुल क्षेत्र में नौकरी करता था और पूर्व में बंदिया क्षेत्र में किराए पर रहता था। कुछ दिन पहले किसी पारिवारिक मामले को लेकर स्वजन उसे अपने साथ बरेली ले गए थे। मंगलवार शाम वह बरेली से किच्छा लौटा और अपनी पुरानी मकान मालकिन जमीला बेगम के घर पहुंचा, जहां एक महिला किराएदार रहती है। बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति से विवाद चल रहा है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के काम पर जाने के दौरान अभिषेक खुले कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। शाम को महिला के लौटने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज लगाने पर कोई जवाब न मिलने पर खिड़की से झांकने पर अभिषेक दुपट्टे के फंदे से लटका दिखाई दिया। शोर मचाने पर मकान मालिक के पुत्र नाजिर ने दरवाजा तोड़ा। मौके पर मौजूद लोग उसे सीएचसी ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

 

पुष्पेंद्र पुत्र करण सिंह, निवासी बंदिया किच्छा ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मंगलवार रात शव को मोर्चरी भिजवाया। सूचना पर मृतक के स्वजन भी मौके पर पहुंचे। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। बुधवार सुबह पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई।

 

प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *