*Udham Singh Nagar” लोकसभा चुनाव में अंतरराज्यीय सीमा पर होगी विशेष निगरानी: डीएम उदयराज सिंह*

रुद्रपुर। लोकसभा चुनाव में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अंतरराज्यीय समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें डीएम उदयराज सिंह और रामपुर के डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त माहौल में कराने के लिए समन्वय के साथ काम करने की बात कही। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव के दौरान अंतरराज्यीय सीमा पर विशेष निगरानी होगी।

मंगलवार को बिलासपुर रोड स्थित आर्क होटल में आयोजित बैठक में डीएम उदयराज सिंह ने कहा कि चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी तथा भयमुक्त माहौल में शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए सीमावर्ती जिलों का आपसी सहयोग और समन्वय बेहद अहम है। रामपुर डीएम मांदड़ ने सूचनाओं के त्वरित आदान प्रदान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और सूचनाएं तत्काल एक-दूसरे को शेयर करने पर जोर दिया। अंतरराज्यीय सीमा पर सुरक्षा और निगरानी के लिए रणनीति बनाने पर चर्चा हुई।

बैठक में आपराधिक तत्वों की जानकारी, बीएलओ, पटवारियों सहित उचाधिकारियों के नाम व मोबाइल नंबर साझा किए गए। इसके अलावा सीमा पर पैसों और शराब के परिवहन पर रोक लगाने के उपाय, मतदाता सूची में अंकित डुप्लीकेट वोटरों की जांच, बैरियर, सीसीटीवी सहित अन्य गोपनीय विषयों पर भी बात हुई। वहां एसएसपी मंजूनाथ टीसी, सीडीओ विशाल मिश्रा, एडीएम अशोक कुमार जोशी, एसपी चंद्रशेखर घोड़के, एसडीएम मनीष बिष्ट, गौरव पांडे, राकेश तिवारी, अभय प्रताप सिंह आदि थे।