कांवड़ यात्रा को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस अलर्ट, भारी वाहनों पर नो एंट्री, डाइवर्जन और वन-वे प्लान लागू

Share the news

रुद्रपुर। शारदीय कांवड़ यात्रा और 15 फरवरी 2026 को शिवरात्रि पर्व के दौरान जनपद ऊधमसिंहनगर में बड़ी संख्या में कांवड़ियों के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की गई है।

पुलिस द्वारा 12 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर डाइवर्जन प्लान और वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था भी लागू की गई है। पुलिस का उद्देश्य है कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

जनपद के जसपुर, कुंडा, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, दिनेशपुर, रुद्रपुर, पंतनगर, किच्छा, पुलभट्टा और सितारगंज थाना क्षेत्रों में निर्धारित बॉर्डर और चौराहों से आगे भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी। रामपुर की ओर से हल्द्वानी सिडकुल जाने वाले भारी वाहन पूर्व निर्धारित समय रात्रि 11 बजे से सुबह 7 बजे तक ही संचालित होंगे।

काशीपुर सेक्टर में भी बिजनौर, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद, रामनगर, हल्द्वानी और दड़ियाल की ओर से आने वाले भारी वाहनों को विभिन्न चौकियों पर रोकने की व्यवस्था की गई है। भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिससे यातायात दबाव को नियंत्रित किया जा सके।

हालांकि, आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन जैसे दूध, गैस, फल-सब्जी और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति करने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ियों की संख्या और यातायात दबाव के अनुसार प्रतिबंध की अवधि में परिवर्तन भी किया जा सकता है।

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों और डाइवर्जन प्लान का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *