रुद्रपुर में ट्रक चालक से लूट, मारपीट कर घायल किया

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता। यूपी के मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना निवासी ट्रक चालक श्रवण कुमार ने आरोप लगाया है कि बुधवार की रात किच्छा रोड स्थित ठंडी सड़क किनारे खड़े उसके ट्रक पर चार-पांच युवक पहुंचे और अचानक खिड़की पर जोर-जोर से थपथपाने लगे। श्रवण के ट्रक से उतरते ही तीन युवक कबिन में चढ़ गए। विरोध करने पर आरोपितों ने उसे बुरी तरह पीटा और चाकू से हमला कर घायल कर दिया।

 

पीड़ित के अनुसार, हमलावर उसकी जेब से 12 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन छीनकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। घटना के दौरान शोर मचने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो बदमाश वहां से भाग निकले। घायल श्रवण किसी तरह पास के अस्पताल पहुंचा, जहां उसका उपचार किया गया।

 

सूचना मिलने पर पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *