विकासनगर क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला उत्तराखंड के देहरादून जिले की कालसी तहसील अंतर्गत बैराटखाई–गागंरोऊ मोटर मार्ग से सामने आया है, जहां वायाधार के पास सवारियों से भरा एक यूटिलिटी वाहन गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, यूटिलिटी वाहन गागंरोऊ गांव से विकासनगर की ओर जा रहा था। वाहन में चालक सहित करीब आठ लोग सवार थे। जैसे ही वाहन वायाधार के पास पहुंचा, अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और तत्काल विकासनगर अस्पताल भिजवाया गया। इस हादसे में लूसो देवी पत्नी नंदूदास, उम्र 65 वर्ष, निवासी गागंरोऊ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अस्पताल ले जाते समय गीता देवी उम्र 35 वर्ष पत्नी प्रकाश खन्ना निवासी खुसियो और धनो देवी उम्र 53 वर्ष पत्नी संतू दास निवासी ग्राम चिट्टाड ने भी दम तोड़ दिया।
कालसी के नायब तहसीलदार रविंद्र असवाल ने बताया कि मृतकों का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज अस्पताल में जारी है, जबकि कुछ को हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में विकासनगर क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। बीते 3 फरवरी को हरिपुर–मीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस खाई में गिर गई थी, जिसमें अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे इन हादसों ने पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजामों और वाहन चालकों की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




