कांग्रेस में ठुकराल की एंट्री पर बवाल, मीना शर्मा का तीखा हमला, फोटो विवाद पर घमासान, पुराने आरोपों की याद दिलाकर साधा निशाना, पार्टी में बढ़ी अंदरूनी कलह

Share the news

रुद्रपुर:

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की कांग्रेस में एंट्री को लेकर पार्टी के भीतर ही विरोध तेज होता नजर आ रहा है। पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने एक बार फिर बगावती तेवर अपनाते हुए ठुकराल पर जमकर निशाना साधा है।

मंगलवार को जारी बयान में मीना शर्मा ने कहा कि जो व्यक्ति खुद को ‘हिंदू हृदय सम्राट’ बताता है, वह एक फोटो वायरल होने भर से इतना विचलित हो गया कि तुरंत सफाई देने और कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने पहुंच गया। उन्होंने इसे ठुकराल की “घबराहट” करार दिया।

मीना शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछले दो दशकों में उन्होंने कई राजनीतिक षड्यंत्रों का सामना किया, लेकिन कभी पीछे नहीं हटीं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने हमेशा कांग्रेस के साथ निष्ठा से काम किया, जबकि ठुकराल ने उन्हें और उनके पति अनिल शर्मा को ‘मुसलमान’ बताकर दुष्प्रचार किया। यहां तक कि उनके नाम बदलकर ‘अमीना खातून’ और ‘अनीस खां’ तक प्रचारित किए गए।

उन्होंने अपने ब्राह्मण परिवार का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पति ने 34 वर्षों तक रामलीला में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाई है, फिर भी राजनीतिक लाभ के लिए उनके खिलाफ अभियान चलाया गया।

मीना शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि अब ठुकराल को कांग्रेस में रहकर मुस्लिम परिवारों के घर जाना और उनके साथ बैठना पड़ेगा, जबकि पहले वे इस तरह की बातों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे।

इस बयान के बाद कांग्रेस में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है, जिससे सियासी हलचल तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *