-2 हफ्ते में 6वीं चोरी की वारदात से लोगों में दहशत
-छत पर बिखरे पड़े है मोबाइल के डिब्बे, दरवाजा टूटा हुआ पड़ा
-मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौजूद
रुद्रपुर, संवाददाता
रुद्रपुर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। काशीपुर रोड स्थित एक मोबाइल शॉप को चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के मोबाइल और नकदी चोरी कर ली। इसी दुकान में 14 महीने पहले भी चोरी की बड़ी वारदात हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक उस मामले का खुलासा नहीं कर पाई।
जानकारी के अनुसार, मलिक कॉलोनी निवासी गौरव मुंजाल की काशीपुर बाइपास पर मोबाइल मंत्रा नाम से दुकान है। गुरुवार की रात दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर लॉकर टूटे थे, काउंटर खाली थे और दुकान में रखे सभी मोबाइल गायब थे।
बताया जा रहा है कि चोर बगल की दुकान की छत के सहारे मोबाइल शॉप तक पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। चोरी के बाद पानी का कैम्पर लेकर वे छत पर पहुंचे, जहां मोबाइल के डिब्बे निकालकर मोबाइल समेटे और फरार हो गए। छत पर मोबाइल के खाली डिब्बे बिखरे पड़े मिले हैं।
चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे पुलिस के लिए जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है। इससे पहले 5 दिसंबर 2024 को भी इसी दुकान में करीब छह लाख रुपये के मोबाइल चोरी हुए थे। उस समय चोरों ने छत की दीवार काटकर सेंध लगाई थी, लेकिन अब तक उस मामले में भी कोई खुलासा नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि चोरी हुए मोबाइल की कीमत 12 लाख से भी अधिक है।
लगातार हो रही चोरी की वारदातों से व्यापारियों में दहशत है। बीते दो हफ्तों में यह छठी चोरी की घटना बताई जा रही है। वहीं मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी है, वहीं व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े किए हैं।



