देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित डालनवाला पुलिस स्टेशन का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को परखा। निरीक्षण के दौरान थानेदार के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था और जनसेवा जैसे संवेदनशील दायित्वों में किसी भी स्तर की लापरवाही अक्षम्य है और ऐसे मामलों में तुरंत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभिन्न बैठकों के बाद अचानक थाने पहुंचे मुख्यमंत्री ने संपूर्ण कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने थाने में आए शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और निर्देश दिए कि शिकायतों को औपचारिकता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी समझकर दर्ज कर त्वरित, निष्पक्ष समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री महिला हेल्प डेस्क पर भी पहुंचे और महिला फरियादियों से बातचीत कर महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताया। एफआईआर रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर और उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण कर लंबित मामलों पर नाराज़गी जताई और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
बंदी गृह में गंदगी और अव्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए तत्काल साफ-सफाई के आदेश दिए। ट्रैफिक व्यवस्था और अपराध नियंत्रण अभियानों की समीक्षा कर किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने की चेतावनी दी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एसएसपी देहरादून ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की।
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित में सख़्त कार्रवाई से पीछे नहीं हटा जाएगा।



