रुद्रपुर के बगबाड़ा क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्र रचित के लापता होने से परिवार में बेचैनी का माहौल बन गया है। संरक्षक भवानी शंकर द्वारा थाना ट्रांजिट कैंप में दिए प्रार्थना पत्र के अनुसार रचित, जो मूल रूप से पिलकुखा, गाजियाबाद का निवासी है, रुद्रपुर के गौरंग शिक्षा दल गुरुकुल में अध्ययन करता है और शीतकालीन अवकाश के दौरान उनके घर ठहरा हुआ था।
30 नवंबर की सुबह लगभग 9:30 बजे भवानी शंकर ने रचित को उसकी एक्सट्रा क्लास के लिए एडवेस स्कूल, दक्ष चौक पर छोड़ा था। रचित ने बताया था कि वह 12:30 बजे तक वापस आ जाएगा और उसके लिए ई-रिक्शा से लौटने हेतु 200 रुपये भी दिए गए थे। लेकिन जब दोपहर 2 बजे तक रचित घर नहीं लौटा तो परिवार को चिंता हुई। आसपास खोजबीन करने और परिचितों से पूछताछ के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया।
रचित की उम्र लगभग 15 वर्ष, कद 5 फुट 5 इंच, रंग गेहुँआ और शरीर दुबला-पतला बताया गया है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस से उसके सुरक्षित मिलने की आशा करते हुए गुमशुदगी दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


