ऊधमसिंहनगर। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देशों पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नानकमत्ता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र के ग्राम बरकीडांडी में हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, खोखा कारतूस और नाव बरामद की गई है।
घटना 9 अक्टूबर को सामने आई थी, जब ग्राम बरकीडांडी निवासी गुरदीप सिंह ने 112 पर सूचना दी कि फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी नानकमत्ता तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल संदीप सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानकमत्ता भेजा गया। जांच में पता चला कि संदीप सिंह अपने साथियों संग नानक सागर डैम के पास लकड़ी बीनने गया था। तभी वहां मछलियों की सुरक्षा में तैनात गार्डों ने गाली-गलौज करते हुए धमकाया और अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गया।
वादी गुरजिंदर सिंह की तहरीर पर थाना नानकमत्ता में FIR संख्या 183/2025 धारा 109(1)/351(2)/352 BNS में मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 अक्टूबर को अभियुक्त चन्दन कुमार और सरवन कुमार, दोनों निवासी डोहराडाम नजीमाबाद थाना किच्छा को बाउली साहिब से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर एक तमंचा, कारतूस और नाव बरामद की गई, जिसके आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक संजय कुमार, उप निरीक्षक राजेन्द्र पन्त, कॉन्स्टेबल नवीन जोशी तथा होमगार्ड हंसेष सिंह और संदीप कुमार शामिल रहे।




