भूरारानी में एक युवक पर बाइक सवार तीन युवकों ने फायर झोंक दिया। फायरिंग में वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से खोखा जब्त किया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना एक महीने पहले दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष से जोड़कर देखी जा रही है।
बुधवार रात भूरारानी निवासी गोलू पासवान (24) खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। इसी बीच उसके मोबाइल पर गांव के ही एक व्यक्ति के साले की कॉल आई और उसे घर के बाहर आने को कहा। इसी बीच युवक सड़क पर पहुंचा तो दो बाइक पर सवार तीन लोग आए और उस पर फायर झोंक दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने हवाई फायरिंग भी की थी।
सूचना पर लोगों की भीड़ लग गई। इसी बीच कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। लोगों ने घटनास्थल पर पड़ा खोखा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। लोगों ने पुलिस को बताया कि एक महीने पहले दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। इसी की रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। बताया कि फायरिंग करने वाले दो युवक यूपी के रहने वाले हैं और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है और जांच की जा रही है। फायरिंग करने वालों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।