दो अधिवक्ताओं पर गंभीर आरोप: परचून दुकानदार से मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और 20 हजार की नकदी लूट, जान से मारने की धमकी पर FIR दर्ज

Share the news

काशीपुर। शहर के कटोराताल क्षेत्र में एक परचून की दुकान पर हुई हिंसक घटना के मामले में दो अधिवक्ताओं के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़, नकदी चोरी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना 18 जनवरी की रात की बताई जा रही है।

खालसा मोहल्ला, हिजड़ों वाला कुआं निवासी मयंक वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके घर में ही परचून की दुकान है। 18 जनवरी की रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर जब वह दुकान बंद कर रहे थे, तभी अभिषेक वर्मा और अश्वनी सैनी उनके घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने अचानक मयंक वर्मा के साथ हाथापाई शुरू कर दी और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की।

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से धमकियां दीं और गल्ले से करीब 15 से 20 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। इस दौरान मयंक की पत्नी ललिता वर्मा जब उन्हें बचाने पहुंचीं, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

परिवार के अन्य सदस्यों के मौके पर पहुंचने पर दोनों आरोपी ‘देख लेने’ की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना कटोराताल पुलिस चौकी को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मयंक वर्मा और उनकी पत्नी ललिता वर्मा का मेडिकल परीक्षण कराया।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी अभिषेक वर्मा—निवासी श्यामखेत भवाली, नैनीताल व आनंदम कॉलोनी जसपुर खुर्द—और अश्वनी सैनी—निवासी पक्काकोट काशीपुर—पेशे से अधिवक्ता हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *