सितारगंज में सनसनी: बाइक लूटकर भागे बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, मुठभेड़ के बाद तीन गिरफ्तार; अवैध तमंचा बरामद, एक आरोपी पहले ही जेल में, कई गंभीर मुकदमे दर्ज।

Share the news

ऊधम सिंह नगर के सितारगंज क्षेत्र में लूट के बाद पुलिस टीम पर फायरिंग कर हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 10 मार्च को डायल 112 पर सूचना मिली कि औदली क्षेत्र में दो युवकों ने एक व्यक्ति की गर्दन पर चाकू रखकर उसकी बाइक लूट ली है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक ललित चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता अरुण सिंह निवासी लामाखेड़ा ने बताया कि भरौनी गांव निवासी गुरमीत सिंह और उसके एक साथी ने उसकी बजाज प्लेटिना बाइक (UK06BC9253) तलवार दिखाकर लूट ली और भरौनी की ओर फरार हो गए।

पुलिस टीम जब आरोपियों की तलाश में गुरमीत सिंह के घर पहुंची तो वहां चार लोग मौजूद थे। पुलिस को देखकर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए धमकी दी और हमला कर दिया। आरोप है कि गुरमीत सिंह ने कमर से तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जान का खतरा देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए, जिसके बाद आरोपी खेतों की ओर भाग गए। पुलिस ने मौके से मोहन सिंह को पकड़ लिया और लूटी गई बाइक बरामद कर ली।

घटना के संबंध में सितारगंज कोतवाली में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने लगातार दबिश देकर गुरमीत सिंह, मक्खन सिंह और इंद्रजीत उर्फ दिलबाग को गिरफ्तार कर लिया। मक्खन सिंह के पास से 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से ही मारपीट, लूट, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल गुरमीत सिंह का इलाज उपजिला चिकित्सालय सितारगंज में चल रहा है, जबकि अन्य आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *