सचिन हत्याकांड: पूर्व विधायक ठुकराल ने आईजी से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की

Share the news

रुद्रपुर। बाजपुर में एक विवाह समारोह के दौरान हुई हिंसा में घायल रुद्रपुर निवासी युवक सचिन की मौत के मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है। शुक्रवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कुमाऊं परिक्षेत्र की आईजी रिद्धिम अग्रवाल से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ज्ञापन सौंपा।

घटना के अनुसार, रुद्रपुर के रामपुर क्षेत्र निवासी ओम प्रकाश का 17 वर्षीय पुत्र सचिन 23 नवंबर को बाजपुर की दीपा कॉलोनी में एक बारात में शामिल होने गया था। आरोप है कि वहां मामूली विवाद के बाद लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने सचिन के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे छत से नीचे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल सचिन को इलाज के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता ओम प्रकाश, जो स्वयं दिव्यांग हैं, का कहना है कि पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, लेकिन अन्य नामजद आरोपी अब तक फरार हैं। उनका आरोप है कि प्रभावशाली आरोपियों के कारण पुलिस ढुलमुल रवैया अपना रही है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने बताया कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *