रुद्रपुर: एसएसआई की कथित अभद्रता के विरोध में व्यापारियों का धरना, जताया रोष

Share the news

रुद्रपुर। दीपावली पर्व से पहले पुलिस और व्यापारियों के बीच तनाव गहराने लगा है। मुख्य बाजार में एसएसआई नवीन बुधानी द्वारा कथित अभद्रता और मनमानी के विरोध में गुरुवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारियों ने बाटा चौक पर एक घंटे का धरना प्रदर्शन किया।

 

संजय जुनेजा ने आरोप लगाया कि पुलिस की सख्ती के चलते व्यापारी अपनी दुकानों तक माल नहीं पहुंचा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे व्यस्त सीजन में पुलिसकर्मी बाजार में वाहनों को रोक रहे हैं, जिससे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। जुनेजा ने कहा कि शहर के गाबा चौक, इंदिरा चौक, अग्रसेन चौक, डीडी चौक और ट्रांजिट कैंप समेत कई इलाकों में रोजाना लग रहे जाम की ओर पुलिस का ध्यान नहीं है, जबकि केवल बाजार को निशाना बनाया जा रहा है।

 

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस का यह रवैया जारी रहा तो व्यापारी संगठन बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। धरने में मेहन खेड़ा, पवन गंगवार, राजकुमार सीकरी, सौरभ बेहड़, रिजवान अहमद और प्रांजल गाबा समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *