रूद्रपुर- ट्रांजिट कैंप में आबकारी की दबिश, यूपी से लाई गई अंग्रेजी शराब पकड़ी, 90 हजार की शराब बरामद, आरोपी सलाखों के पीछे

Share the news

रुद्रपुर। अवैध मदिरा तस्करी पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग की टीम ने बीती रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत फुलसूंगा-ट्रांजिट कैंप मार्ग पर की गई इस कार्रवाई में विभाग ने 90 हजार रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब बरामद कर एक तस्कर को दबोच लिया।

 

सूत्रों से मिली गुप्त जानकारी पर विभागीय टीम ने रणनीतिक घेराबंदी की थी। रात करीब साढ़े दस बजे संदिग्ध कार (मारुति स्विफ्ट डिजायर, UP 16 BU 5444) जैसे ही ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में दाखिल हुई, टीम ने रुकने का इशारा किया। चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन शिमला बहादुर की संकरी गली में पुलिस ने घेरकर उसे काबू कर लिया। इस दौरान आरोपी को हल्की चोटें आईं और कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

 

तलाशी के दौरान वाहन से इंपीरियल ब्लू व्हिस्की ब्रांड की 11 पेटियां (449 पव्वे व 44 अद्ये) बरामद हुईं। पकड़े गए आरोपी की पहचान विक्की पुत्र होरी लाल निवासी रामपुर (उ.प्र.), हाल निवासी ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर के रूप में हुई।

 

आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया गया है। अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *