रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एक डिलीवरी कंपनी के कर्मचारी पर लाखों रुपये गबन करने का आरोप लगा है। मामले में कार्रवाई न होने पर प्रार्थी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल कर पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के आदेश देने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रविन्द्र पुत्र खिलापी लाल, डिलीवरी कंपनी की दानपुर शाखा में सिक्योरिटी इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि कंपनी में एटीएल (असिस्टेंट टीम लीडर) के पद पर तैनात पंकज गंगवार, निवासी शीशगढ़, जिला बरेली, डिलीवरी के माध्यम से बाजार से एकत्र की गई धनराशि को कंपनी के बैंक खाते में जमा कराने का कार्य करता था।
आरोप है कि दिनांक 5 अप्रैल 2025 से पूर्व 13,568 रुपये तथा 9 अप्रैल 2025 तक 4,48,676 रुपये और 24,000 रुपये सहित कुल 4,86,244 रुपये पंकज गंगवार के पास एकत्र हो गए। आरोप है कि उक्त धनराशि बैंक में जमा न कर उसने धोखाधड़ी और बेईमानी से हड़प ली और फरार हो गया।
प्रार्थी का कहना है कि उन्होंने 27 नवंबर 2025 को कोतवाली रुद्रपुर तथा 1 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर को डाक के माध्यम से शिकायत भेजी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अब प्रार्थी ने न्यायालय से धारा 175(3) बीएनएसएस के अंतर्गत थाना रुद्रपुर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश देने की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।



