रुद्रपुर। जिले में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार को जिला सभागार में गैस एजेंसी प्रबंधकों के साथ अहम बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि गैस डिलीवरी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को बिना सिलेंडर पहुंचाए गैस डिलीवरी का फर्जी मैसेज भेजा जाता है तो संबंधित एजेंसी और ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि पूर्ति निरीक्षकों के माध्यम से गैस गोदामों के स्टॉक की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि गैस बुकिंग के बाद निर्धारित समय सीमा में ही उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी दी जाए। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी उपभोक्ता को सीधे गोदाम या एजेंसी से सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि वे गैस से जुड़ी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी चेताया कि घरेलू और व्यवसायिक गैस की कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वालों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी ने बताया कि जिले में गैस की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। 31 मार्च तक घरेलू गैस का दैनिक वितरण 11,616 और अवशेष 9,392 रहा, जबकि व्यवसायिक गैस का वितरण 404 और अवशेष 1,366 है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित कई गैस एजेंसी प्रबंधक मौजूद रहे, जबकि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े।




