रुद्रपुर। ऑनलाइन व्यापार के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। भदईपुरा स्थित इंडस्ट्रियल एरिया निवासी मनोज अग्निहोत्री, जो अग्निहोत्री इंजीनियरिंग वर्क्स के मालिक हैं, ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वे वर्षों से इंजीनियरिंग का कारोबार कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने इंडिया मार्ट वेबसाइट के माध्यम से मुंबई स्थित संगीता एंटरप्राइज से एसएस चैन खरीदने के लिए संपर्क किया। फर्म ने उन्हें कोटेशन भेजा, जिसके आधार पर उन्होंने पहले 50 हजार रुपये एडवांस एनईएफटी से भेजे। बाद में सामान तैयार होने की बात कहकर फर्म ने 38 हजार रुपये और मांगे, जिसे मनोज ने भेज भी दिया।
शिकायत के अनुसार, 88 हजार रुपये भेजने के बाद फर्म मालिक और सेल्स पर्सन रोहित का मोबाइल नंबर बंद हो गया और कोई संपर्क नहीं हो पाया। ठगी का एहसास होने पर व्यापारी ने इंडिया मार्ट पर शिकायत दर्ज की। कंपनी के कानूनी सलाहकार ने संबंधित फर्म को नोटिस भी भेजा। इसके अलावा मनोज ने साइबर सिक्योरिटी पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई, जिसका नंबर 235082500008649 है। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


