रुद्रपुर। काशीपुर रोड पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक पुलिसकर्मी के भाई की दर्दनाक मौत हो गई। घटना गाबा चौक के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान संतोष कुमार पुत्र रामप्रसाद निवासी पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। वह काशीपुर रोड स्थित नवोदय विद्यालय में संविदा कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि संतोष कुमार ड्यूटी खत्म कर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और उन्हें कई फीट दूर उछाल दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले में अहम बात यह है कि मृतक संतोष कुमार का भाई विनोद कुमार उत्तराखंड पुलिस में तैनात है और वर्तमान में किच्छा कोतवाली में कार्यरत है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी शोक की लहर दौड़ गई।
एसएसआई अनिल जोशी के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। फुटेज में वाहन की पहचान हो चुकी है और कार को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। पुलिस जल्द आरोपी चालक की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।




