रुद्रपुर में स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव का मामला अब और गंभीर हो गया है। फरार चल रहे एक ही परिवार के नौ आरोपितों के खिलाफ न्यायालय ने धारा 82 के तहत उद्घोषणा जारी कर दी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सरेंडर न करने पर कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एक फरवरी को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सुभाष कॉलोनी में स्मैक तस्करी की सूचना मिली थी। टीम जब कल्लू के घर पहुंची तो वहां मौजूद लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस हमले में हेड कांस्टेबल भुवन पांडे घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने मौके से 64 ग्राम स्मैक बरामद करते हुए हसीना पत्नी इलियास को गिरफ्तार कर लिया था।
घटना के बाद पुलिस ने हसीना के परिजनों—नाजिम उर्फ नदीम, शाहरूख, इरशाद उर्फ दाऊद उर्फ शद्दा, सूरज, अनमोल, अफसाना, फिजा, रोशनी और फरहाना—के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। सभी आरोपित घटना के बाद से फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस ने गैर जमानती वारंट हासिल करने के बाद अब न्यायालय से धारा 82 की उद्घोषणा जारी करवा ली है। सीओ सिटी ने बताया कि यदि आरोपित जल्द सरेंडर नहीं करते हैं तो उनके घर की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी है।




