
उत्तराखंड के टिहरी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। कीर्तिनगर विकासखंड के बढ़ियारगढ़ क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पिता भी शामिल हैं।





हादसा सोमवार शाम करीब 6 बजे का बताया जा रहा है। चंडीगढ़ से बडियारगढ़ में आयोजित एक धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर लौट रहे चार लोग मालगड्डी गांव जा रहे थे। तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर ढम्ट नामक तोक पर एक मकान की बाथरूम की छत के ऊपर से होती हुई लगभग 40 से 50 मीटर नीचे खेतों में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने प्रशासन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद कीर्तिनगर तहसील प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। चारों शवों को खाई से निकालकर बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया।
कीर्तिनगर के तहसीलदार प्रदीप कंडारी ने बताया कि मृतकों की पहचान 70 वर्षीय दर्शन सिंह असवाल, 70 वर्षीय धर्म सिंह असवाल, 65 वर्षीय कर्ण सिंह पंवार और 60 वर्षीय राजेंद्र सिंह पंवार के रूप में हुई है। चारों मालगड्डी गांव के निवासी थे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
यह हादसा पूरे टिहरी जिले को गमगीन कर गया है। एक ही गांव के चार लोगों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।