रुद्रपुर, संवाददाता। जिले में अब हर शनिवार को ऑपरेशन कालनेमी के तहत अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर पुलिस टीमें तैनात रहेंगी।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जनपद में कथित बाबाओं के खिलाफ अभियान शुरू करने के आदेश दिए हैं। एसएसपी मिश्रा ने बताया कि अब प्रत्येक शनिवार सुबह 8 से 10 बजे तक पूरे जनपद में वृहद सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पुलिस टीमें धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर तैनात रहकर संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच करेंगी। शनि दान, चढ़ावे और अनुष्ठान के नाम पर ठगी करने वालों की कुंडली खंगाली जाएगी। यदि कोई आपराधिक प्रवृत्ति या इतिहास पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई होगी। एसएसपी ने कहा कि धर्म की आड़ में भावनाओं से खिलवाड़ कर जनता को ठगने वालों की अब जेल ही मंज़िल होगी। अभियान का लक्ष्य है जनता को भयमुक्त वातावरण देना, धार्मिक आस्था की रक्षा करना और पाखंड-अपराध के गठजोड़ को तोड़ना। उन्होंने जनता से भी अपील की कि संदिग्ध बाबाओं व ठगों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



