फेसबुक अकाउंट हैक कर नाबालिग बेटी के अश्लील फोटो-वीडियो वायरल, रुद्रपुर साइबर थाने में महिला की तहरीर, पड़ोसी युवक पर गंभीर आरोप, एफआईआर दर्ज

Share the news

रुद्रपुर से साइबर अपराध का एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। पंतनगर थाना क्षेत्र की लेबर कॉलोनी निवासी एक महिला का फेसबुक अकाउंट हैक कर उसकी नाबालिग बेटी के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र, रुद्रपुर में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

 

पीड़िता चम्पा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से छतरपुर लेबर कॉलोनी में किराये के मकान में अपने परिवार के साथ रह रही हैं। उनका एक फेसबुक अकाउंट नाम से है, जो उनके मोबाइल नंबर से लिंक है। यह अकाउंट करीब दो साल पहले उनके पड़ोस में रहने वाले श्रीकांत नाम के युवक ने ही बनाया था और पासवर्ड समेत सभी सेटिंग उसी ने की थी।

पीड़िता के अनुसार, कुछ समय बाद फेसबुक आईडी पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो आने लगे। शिकायत करने पर आरोपी ने फोन लेकर सेटिंग बदलने की बात कही, लेकिन बाद में वह पड़ोस में शिफ्ट हो गया। इसके बाद से पीड़िता अपने फेसबुक अकाउंट में कोई बदलाव नहीं कर पा रही है। पासवर्ड और रिकवरी ईमेल भी बदले नहीं जा सके।

 

अक्टूबर 2025 में पीड़िता को तब बड़ा झटका लगा, जब कॉलोनी के लोगों ने बताया कि उसकी फेसबुक आईडी से एक ग्रुप बनाकर उसकी बेटी के अश्लील फोटो और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। हालांकि, यह कंटेंट पीड़िता के फोन में दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन अन्य लोगों के फोन में साफ नजर आ रहा था।

 

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि श्रीकांत पुत्र राजेंद्र, निवासी बिसनपुर खेरी, जिला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) ने जानबूझकर उसका फेसबुक अकाउंट हैक कर बिना अनुमति के अश्लील सामग्री पोस्ट की और मानसिक उत्पीड़न किया। महिला ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

साइबर क्राइम पुलिस ने तहरीर के आधार पर शून्य में अभियोग दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *