
काशीपुर: व्लॉगर बिरजू मयाल पर हुए कथित हमले के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने कार सवार युवकों की तहरीर पर बिरजू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।





क्या है पूरा मामला?
सोमवार शाम कोटाबाग (नैनीताल) निवासी व्लॉगर बिरजू मयाल स्कूटी से काशीपुर आ रहा था। उसने आरोप लगाया कि रामनगर रोड स्थित केलामोड़ पर 8-10 लोगों ने घेरकर उस पर जानलेवा हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर एसपी अभय सिंह और सीओ दीपक सिंह ने अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू की।
कार सवारों की शिकायत से पलटा मामला
मंगलवार देर शाम बाजपुर निवासी सोनू सिंह ने पुलिस को तहरीर दी कि वह अपने दोस्त गुरमुख सिंह के साथ रामनगर से लौट रहे थे। रास्ते में गलत दिशा से आ रहे स्कूटी सवार बिरजू मयाल उनकी कार से टकरा गया। जब उन्होंने हालचाल पूछा, तो बिरजू ने अभद्रता की और हेलमेट कार पर मार दिया।
सोनू के अनुसार, भीड़ जमा होते देख वे वहां से निकल गए। बाद में सोशल मीडिया पर उन्हें पता चला कि बिरजू ने हादसे को हमला करार दिया है। इसके बाद वे कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
पुलिस कर रही जांच
सीओ दीपक सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा था। अब कार सवार युवकों की तहरीर के आधार पर बिरजू मयाल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।