रुद्रपुर। कृषि, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास मंत्री श्री गणेश जोशी बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहाँ उन्होंने एपीजे सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान मंत्री ने प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद तिवारी के अनुपस्थित रहने पर कड़ा रुख अपनाते हुए उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जिम्मेदारी से लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा में मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को काशीपुर आरओबी के कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा मानसून के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत विभाग को सार्वजनिक स्थलों विशेषकर विद्यालयों के आसपास लटकती तारों को तुरंत सुधारने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और मनरेगा भुगतान को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध कार्य करने और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोरा, तिलक राज बेहड़, मेयर विकास शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




