“किच्छा रोड पर आधी रात मौत का तांडव, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पैदल युवक को रौंदा, चालक फरार”

Share the news

किच्छा मार्ग पर शुक्रवार की मध्य रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसे में 36 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। भूतबंगला गेट के पास पैदल घर लौट रहे एक युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक वाहन के नीचे आकर रौंद दिया गया, जबकि चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान भूतबंगला निवासी 36 वर्षीय छत्रपाल पुत्र महेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार छत्रपाल शुक्रवार की मध्य रात्रि पोस्टमार्टम हाउस में कार्यरत अपने छोटे भाई मनीष कुमार से मिलकर पैदल घर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह किच्छा रोड पर कुछ ही कदम आगे बढ़ा था कि पीछे से आए तेज गति के अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है। बताया जाता है कि छत्रपाल अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *