रुद्रपुर | विदेश भेजने के नाम पर 29 लाख से अधिक की ठगी का आरोप, कोर्ट की शरण में पहुंचा पीड़ित
रुद्रपुर में विदेश भेजने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। दिनेशपुर थाना क्षेत्र के नेताजी नगर निवासी रणधीर सिंह ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, रुद्रपुर में प्रार्थना पत्र देकर दो लोगों पर करीब 29.52 लाख रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसके भतीजे को कनाडा स्टडी वीजा पर भेजने का झांसा देकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए रकम हड़प ली।
प्रार्थी रणधीर सिंह के अनुसार वह अपने भतीजे जसराज सिंह को उच्च शिक्षा के लिए कनाडा भेजना चाहता था। इसी क्रम में उसकी मुलाकात गुरबाज सिंह गिल और उसकी पत्नी मनदीप कौर से हुई, जो विदेश भेजने का काम करते हैं। आरोप है कि 1 अप्रैल 2024 को दोनों आरोपी रुद्रपुर स्थित प्रार्थी के कार्यालय पहुंचे और कनाडा स्टडी वीजा पर भेजने का भरोसा दिलाया। इस पर विश्वास कर पीड़ित ने पहले तीन लाख रुपये नकद दिए, इसके बाद अलग-अलग तारीखों में आरोपियों के बताए खातों में 23 लाख से अधिक की रकम ट्रांसफर की।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने जसराज सिंह को फर्जी स्टडी वीजा और शिक्षा से संबंधित कूटरचित दस्तावेज सौंपे। 12 जनवरी 2025 को जसराज सिंह कनाडा पहुंचा, जहां इमिग्रेशन अधिकारियों ने दस्तावेजों को फर्जी बताते हुए उस पर 5 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया और अगले ही दिन उसे भारत वापस भेज दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में टिकट आदि पर करीब तीन लाख रुपये अतिरिक्त खर्च हुए।
पीड़ित का कहना है कि जब उसने आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। जांच में सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ कई राज्यों में पहले से धोखाधड़ी के अनेक मुकदमे दर्ज हैं। पीड़ित ने बताया कि उसने थाने और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब न्यायालय से उसने एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




