
बाजपुर में बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान, पक्के अतिक्रमण पर 15 दिन का अल्टीमेटम
रिपोर्टर –गोपी सरकार
बाजपुर में नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए बाजपुर पुलिस ने बुधवार को सख्त रुख अपनाया। कोतवाल नरेश चौहान के नेतृत्व में पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कोतवाली के सामने से मुंडिया तिराहे तक अवैध अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क किनारे दुकानदारों और ठेला-रेड़ी वालों द्वारा किए गए अतिक्रमण हटवाए गए।

अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर 30 से 35 चालान काटे गए। सड़क पर गलत तरीके से खड़े दोपहिया व चारपहिया वाहनों के ऑनलाइन चालान भी किए गए। वहीं अतिक्रमण में इस्तेमाल किया गया सामान जब्त किया गया, जिससे व्यापारियों और ठेला संचालकों में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने नगर में मौजूद पक्के अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए संबंधित व्यापारियों को 15 दिन का अंतिम अल्टीमेटम दिया है। पुलिस का कहना है कि यदि तय समय में अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रामराज रोड से लेकर अनाज मंडी क्षेत्र तक जैसे ही अभियान की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए फैली, कई व्यापारियों ने दुकानों के बाहर रखा सामान तुरंत हटाना शुरू कर दिया। पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। अभियान से पहले कोतवाली परिसर में कोतवाल नरेश चौहान ने सभी पुलिसकर्मियों और चौकी प्रभारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि यातायात नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




