रुद्रपुर। उधम सिंह नगर प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाते हुए खेड़ा क्षेत्र में सरकारी भूमि की घेराबंदी और कब्जों की नापजोख शुरू कर दी। एडीएम पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में राजस्व, नगर निगम, डीडीए और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ड्रोन सर्वे कराया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जाई गई जमीन की सीमाएं चिन्हित कीं और कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर कार्रवाई का संदेश साफ कर दिया।
एडीएम ने बताया कि मदरसा सोसाइटी को आवंटित 2.53 एकड़ भूमि से अधिक करीब 8 एकड़ सरकारी/नजूल भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया है। हाई कोर्ट के आदेशों के तहत इन कब्जों को हटाना अनिवार्य है, जिसके लिए सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सर्वे के बाद अतिरिक्त भूमि को पूरी तरह खाली कराने की कार्रवाई तेज होगी।
इसी के साथ चामुंडा देवी मंदिर के पास लगभग 1.5 एकड़ कब्जाई भूमि को भी मुक्त कराने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया कि किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यूपी सीमा से लगे खेड़ा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बसावट और प्लानिंग के इनपुट मिलते रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए धामी सरकार ने संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद जिला प्रशासन लगातार क्षेत्र में निगरानी और कार्रवाई कर रहा है।


