रुद्रपुर। जनपद में अनैतिक गतिविधियों पर लगाम कसने और होटल-कैफे संचालकों द्वारा बरती जा रही अनियमितताओं के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने रुद्रपुर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई होटलों, ढाबों और कैफे सेंटरों पर आकस्मिक छापेमारी की।
पुलिस को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसएसपी के कड़े निर्देशों पर AHTU टीम ने यह अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान कई प्रतिष्ठानों में नियमों की अनदेखी, रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही और निर्धारित मानकों का पालन न किए जाने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ होटल और कैफे बिना आवश्यक दस्तावेजों के संचालन कर रहे थे।
पुलिस ने मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल चार होटल संचालकों और एक कैफे सेंटर मालिक के खिलाफ पुलिस अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की। इस दौरान ₹15,000 का नकद अर्थदंड वसूला गया। वहीं, गंभीर अनियमितताओं के मामलों में ₹10,000 के न्यायालयी चालान तैयार कर माननीय न्यायालय को प्रेषित किए गए हैं।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जनपद में अनैतिक गतिविधियों, मानव तस्करी और अवैध संचालन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने होटल, ढाबा और कैफे संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी तरह की लापरवाही या कानून उल्लंघन पाए जाने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।




